जालंधर , अप्रैल 18 -- पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को नयी अनाज मंडी जालंधर में गेहूं खरीद प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की।

इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित किया जाये, ताकि मंडियों में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वरिष्ठ आम आदमी पार्टी नेताओं नितिन कोहली, दिनेश धल्ल और राजविंदर कौर थियारा की मौजूदगी में मंत्रीने बताया कि इस वर्ष जिले के 79 खरीद केंद्रों पर लगभग 5.27 लाख टन गेहूं की आमद होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हर दाने की खरीद सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले ही कर लिये गये हैं। मंत्री ने बताया कि अब तक मंडियों में 2844 टन गेहूं की आमद दर्ज की गयी है, जबकि 24,721 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। खरीदी गई फसल के बदले किसानों को अब तक 28 करोड़ रुपये का भुगतान कियाजा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार 24 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मंडियों में पीने के पानी, सफाई, शेड, तिरपाल और बोरियों (बारदाना) जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि खरीद के बाद गेहूं की समय पर उठान (लिफ्टिंग) और किसानों को भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने कहा, " मंडियों में बारदाना की कोई कमी नहीं है, जिससे किसानों को इस सीजन में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।"उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र सिंह ने बताया कि श्रम और परिवहन से जुड़े सभी ठेके पहले ही पूरे कर लिये गये हैं और तय समय सीमा के भीतर गेहूं की उठान सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान भी समय पर मिलेगा।

इस अवसर पर किसान बलकार सिंह और चरणजीत सिंह ने मंडियों में तेज खरीद और समय पर भुगतान के लिए पंजाब सरकार की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनकी फसल मंडी पहुंचते ही खरीद ली गयी और24 घंटे के भीतर उनके खातों में भुगतान भी जमा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित