चंडीगढ़ , मार्च 27 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने शुक्रवार को यहां पंजाब सिविल सचिवालय-1 में नये जेल मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार संभालने के तुरंत बाद, डॉ. सिंह (जो अनिवासी भारतीय मामले और संसदीय कार्य विभाग भी संभाल रहे हैं) ने खुद पर भरोसा जताने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने विभाग के चल रहे कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा के लिए जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। उन्होंने कहा कि जेल विभाग के कामकाज को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए केंद्रित प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैदियों के लिए सुविधाओं में सुधार और सुधारात्मक ढांचे को मजबूत करने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि जेलों को केवल सजा के केंद्र के रूप में कार्य नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें पुनर्वास और समाज में पुन: एकीकरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए सुधार केंद्रों के रूप में विकसित होना चाहिए।

बैठक के दौरान, विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष चल रही परियोजनाओं, प्रमुख पहलों और चुनौतियों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी।

डॉ सिंह ने अधिकारियों को जेल प्रणाली को आधुनिक और कुशल बनाने की दिशा में काम करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवाधिकारों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित