नैनीताल , मई 06 -- उत्तराखंड के केबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री कैड़ा ने धारी, सुन्दरखाल, सुन्दरनगर, दाड़ीम, ओड़ाखान, तल्लारामगढ़, झूतिया, बोहराकोट और डाकबंगला सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की।

उन्होंने बताया कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण क्षेत्र में आड़ू, पुलम, खुमानी, मटर, मिर्च, टमाटर और आलू की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिससे किसान परेशान हैं।

उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर निर्देश दिए कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्रों में उद्यान एवं कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर फसलों के नुकसान का आकलन करें और प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

इसके साथ ही मंत्री ने अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित