श्रीगंगानगर , जनवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंह पुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रही 13 वर्षीय छात्रा पर अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब फेंक दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल छात्रा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित