रांची , मार्च 24 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अचानक हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
मंत्री डॉ. अंसारी के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में हलचल मच गई और पूरे स्वास्थ्य तंत्र में सक्रियता बढ़ गई। मंत्री ने पहुंचते ही अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीजों के इलाज की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ और मैनपावर की संख्या सहित हर पहलू पर सवाल किए। उनका स्पष्ट उद्देश्य था-जमीनी हकीकत को समझना और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना।
डॉ. अंसारी के के दौरे से जहां आम लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल दिखा, वहीं अधिकारियों में जिम्मेदारी का भाव और सतर्कता नजर आई। डॉ. अंसारी ने काफी समय तक अस्पताल में रुककर मरीजों और उनके परिजनों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने डॉ. अंसारी को बताया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में अब काफी सुधार हुआ है। आम जनता का भरोसा बढ़ा है और बड़ी संख्या में मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। लोगों ने यह भी कहा कि जब कोई चिकित्सक स्वास्थ्य मंत्री बनता है, तो उसकी सोच और संवेदनशीलता अलग होती है-और आपके नेतृत्व में यह बदलाव साफ नजर आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित