कोच्चि , जनवरी 21 -- केरल के एर्नाकुलम जिले के पैंगोटूर में एक विद्यालय के छात्र के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
यह घटना तब सामने आयी, जब हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे आक्रोश फैल गया।
बताया जा रहा है कि करीब एक हफ्ते पहले पैंगोटूर बस स्टैंड के पास यह हमला हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस सहायता चौकी के भीतर पीड़ित से पूछताछ और मारपीट की जा रही है। यह एक ऐसी पुलिस सहायता चौकी थी, जो इस्तेमाल में नहीं है। उनमें से एक युवक मोबाइल फोन पर इस घटना का वीडियो बनाता भी दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पोथानिक्कड पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें उनके माता-पिता के साथ पुलिस थाने बुला कर उनके बयान दर्ज कर लिये गये हैं। आगे की कार्यवाही के लिए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित