तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 09 -- केरल विधानसभा चुनाव में गुरूवार को मतदान के शुरुआती चार घंटों में 33.28 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य की सभी 140 सीटों के लिए मतदान गुरुवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक होगा।
चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक 33.28 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतारें लगी हैं। राज्य में शांतिपूर्वक मतदान जारी है और कहीं से अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आयी है।
राज्य के एर्नाकुलम जिले में सबसे अधिक 35.86 प्रतिशत और मलाप्पुरम में सबसे कम 32 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा अलाप्पुझा में 33.79, इड्डुकी में 32.34, कोट्टयम में 33.01, त्रिसूर में 34.14 और वायनाड में 33.43 प्रतिशत मतदान हुआ।
चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं।
राज्य के सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं और कहीं कहीं मतदाताओं की लम्बी कतारें देखने को मिली है। शुरुआती प्रतिशत में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वालों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है।
राज्य की 126 सीटों के लिए कुल 890 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 30,471 मतदान केंद्र बनाये गये। कुल मतदाताओं की संख्या 2.71 करोड़ से अधिक हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 उभयलिंगी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित