तिरुवनंतपुरम , जनवरी 21 -- दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्लूईएफ) की वार्षिक बैठक में केरल प्रतिनिधित्व का नेतृत्व कर रहे उद्योग मंत्री पी राजीव ने वैश्विक उद्योग जगत की हस्तियों के साथ कई दौर की बातचीत की तथा कई क्षेत्रों में भविष्य के लिए तैयार निवेश के हब के तौर पर राज्य की कार्य क्षमता पर जोर दिया।
भारत और विदेशों के व्यापारिक जगत के दिग्गजों से बातचीत करते हुए श्री राजीव ने कहा है कि केरल एक पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभरा है। इसके पीछे नीतिगत स्थिरता, डिजिटल गवर्नेंस, व्यापार में सुगमता और अत्यधिक कुशल कार्यबल का समर्थन है।
पोलिश महासंघ लेविअटन की महानिदेशक मालगोर्जाटा मरोक्जकोव्स्का हॉर्न के साथ बातचीत में श्री राजीव का केरल और पोलैंड के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर रहा। उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सा उपकरण निर्माण, आईटी और आईटीईएस, डिजिटल सेवाओं, जैव प्रौद्योगिकी और नवाचार- संचालित उद्योगों के क्षेत्रों में साझेदारी विकसित करने के लिए पोलिश व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करने में राज्य की इच्छा जतायी।
उन्होंने कहा कि केरल का मजबूत बुनियादी ढांचा और निवेशक-अनुकूल पारिस्थितिकी भारत में विस्तार की राह देख रही यूरोपीय कंपनियों के लिए एक स्वाभाविक भागीदार बनाती है।
'ड्रिप कैपिटल' के सीईओ और सह-संस्थापक पुष्कर मुकवार के साथ बैठक में मंत्री ने केरल के निर्यात के लिए तैयार छोटे और मध्यम उद्यमों की वैश्विक स्तर पर विस्तार करने की क्षमता का उल्लेख किया, जिन्हें व्यापार वित्त के नए तरीकों और सरकार की सक्रिय नीतियों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने ड्रिप कैपिटल को राज्य के साथ और अधिक जुड़ने के लिए आमंत्रित किया। इसमें 'ट्रेडएक्स केरल 2026' में भागीदारी भी शामिल है।
प्योर' की संस्थापक और वैश्विक सीईओ शायला तल्लूरी के साथ हुई चर्चा कौशल विकास, प्रतिभा विकास और उद्योग-अकादमिक साझेदारी पर केंद्रित रही। मंत्री ने इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कार्यबल तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उभरती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कौशल को ढालने के लिए केरल उद्यमिता विकास संस्थान (केआईईडी) जैसे संस्थानों के माध्यम से प्योर के साथ मिलकर काम करने में दिलचस्पी दिखायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित