मुन्नार , फरवरी 08 -- केरल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को दावा किया कि मुन्नार जैसे पहाड़ी इलाकों में भाजपा को मिल रहा जन समर्थन 'विकसित केरल' के लिए लोगों की आकांक्षा को दर्शाता है।
श्री चंद्रशेखर ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भाजपा के प्रति बढ़ता उत्साह साफ दिखाता है कि लोग विकास, सुरक्षा और सुशासन के लिये एक भरोसेमंद विकल्प की तलाश में हैं। कार्यक्रम के दौरान, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए। इन नेताओं को श्री चंद्रशेखर ने भाजपा में शामिल कराया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एक खुली जीप में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार नारों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
भाजपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए श्री चंद्रशेखर ने कहा कि उनका फैसला केरल के विकास के लिए भाजपा के दृष्टिकोण में लोगों के बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता यह महसूस कर रहे हैं कि सिर्फ़ भाजपा ही राज्य के लिए भविष्योन्मुखी, भ्रष्टाचार-मुक्त और निर्णायक शासन मॉडल दे सकती है।
इस दौरान पार्टी के प्रदेश महासचिव अधिवक्ता एस. सुरेश, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उपाध्यक्ष ए. एन. राधाकृष्णन, क्षेत्रीय प्रभारी एन. हरि, इडुक्की दक्षिण जिला प्रभारी अधिवक्ता पंडालम प्रथापन, इडुक्की उत्तर जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्रीविद्या, पूर्व विधायक एस. राजेंद्रन, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जी. गुरुनाथन, और कई अन्य वरिष्ठ प्रदेश नेता उपस्थित रहे।
श्री चंद्रशेखर ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर तीखा हमला किया, और दोनों पार्टियों पर वोट-बैंक की राजनीति के लिए उग्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमात-ए-इस्लामी का खुले तौर पर समर्थन करती हैं। जमात ए इस्लामी एक ऐसा संगठन है जो संविधान को स्वीकार नहीं करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी स्थिति में पहुँच गई है जो प्रभावी रूप से उग्रवादी ताकतों को बढ़ावा देती है और वोट-बैंक की राजनीति की तलाश में कांग्रेस देश और राज्य दोनों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस वही गलती दोहरा रही है जो पहले माकपा ने की थी और दोनों मोर्चे प्रभावी रूप से भ्रष्टाचार और उग्रवाद समर्थक रुख में भागीदार बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि माकपा -कांग्रेस गठबंधन को वोट देना जमात-ए-इस्लामी को वोट देने के बराबर है। इससे केरल का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि मलयाली अब उस राजनीति को खारिज करने के लिए तैयार हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता का मूड साफ तौर पर निर्णायक और सिद्धांतों वाली राजनीति के पक्ष में बदल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित