तिरुवनंतपुरम , मार्च 01 -- केरल में राजधानी तिरुवनंतपुरम के पास कोवलम बीच पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 'वाओ' (विमेंस वीक) उत्सव में प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा के कार्यों से प्रेरित एक नाट्य नृत्य की प्रस्तुति की जाएगी।

केरल कला और शिल्प ग्राम (केएसीवी) में टिकर इवेंट्स के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव दर्शकों को समग्र सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए पारंपरिक कला रूपों को समकालीन अभिव्यक्तियों के साथ पेश करेगा।

इस उत्सव की शुरुआत छह मार्च को 'गॉसिप' नामक एक नाट्य नृत्य प्रस्तुति के साथ होगी, जिसमें कथकली की भव्यता के साथ समकालीन नृत्य की सुंदरता का शानदार रचनात्मक मिश्रण होगा।

शिल्प ग्राम के मुख्य परिचालन अधिकारी टी.यू. श्रीप्रसाद ने कहा कि शास्त्रीय और आधुनिक शैलियों का यह संगम दर्शकों के लिए एक दृश्य रूप से सम्मोहक अनुभव का वादा करता है।

सात मार्च को होली उत्सव के हिस्से के रूप में 'रंगोत्सव 2026' के साथ उत्सव मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में आधुनिक संगीत और पारंपरिक लय का मिश्रण होगा, जिसमें लाइव डीजे प्रदर्शन, ढोल मेलम और लेजर डरबुका प्रस्तुतियां शामिल होंगी।

हर आयु और वर्ग के आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए इस महोत्सव में फोम पार्टी, रेन डांस और चुनिंदा फूड स्टॉल भी शामिल होंगे। आयोजकों ने कहा कि शिल्प ग्राम के पर्यावरण के अनुकूल लोकाचार को ध्यान में रखते हुए, उत्सव के दौरान केवल औषधीय श्रेणी के हर्बल रंगों का उपयोग किया जाएगा।

आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा के कार्यों से प्रेरित एक नाट्य नृत्य प्रस्तुति पेश की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित