तिरुवनंतपुरम , मार्च 11 -- केरल में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक नया वित्तीय घोटाला सामने आया है, जिसमें मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की तस्वीर का धोखाधड़ी से इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और उनसे पैसे ठगे जा रहे हैं।

फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापनों का प्रयोग करके दावा किया जा रहा है कि यदि उपयोगकर्ता के फोन में 'फोनपे' एप है, तो वे 'आसानी से 12,000 रुपये कमा सकते हैं।' इन विज्ञापनों में मुख्यमंत्री की तस्वीर का उपयोग किया जा रहा है, ताकि विश्वसनीयता पैदा की जा सके और उपयोगकर्ताओं को आसानी से गुमराह किया जा सके।

एक बार विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद, उपयोगकर्ता के मोबाइल डिवाइस पर फोनपे एप अपने आप खुल जाता है, जिसमें 1,499 रुपये की राशि दिखाई देती है। इसके बाद उपयोगकर्ताओं को वह राशि प्राप्त करने के लिए अपना यूपीआई पिन दर्ज करने के लिए कहा जाता है।

यह एक 'रिक्वेस्ट पेमेंट' (भुगतान अनुरोध) पेज होता है, जो पिन डालते ही सीधे स्कैमर के खाते में 1,499 रुपये स्थानांतरित कर देता है।

साइबर सुरक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यूपीआई पिन की आवश्यकता केवल पैसे भेजने के लिए होती है, प्राप्त करने के लिए नहीं। उन्होंने उपयोगकर्ताओं को भुगतान के किसी भी अनुरोध के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित