त्रिशूर , अप्रैल 05 -- केरल विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर मुफ्त 'विशु किट' बांटने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
यह कार्रवाई त्रिशूर वेस्ट पुलिस द्वारा कार्यकारी चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की गयी है। रिपोर्ट के अनुसार, ओलारी के शिवरामपुरम उन्नति क्षेत्र में मतदाताओं को मुफ्त राशन किट बांटने की कोशिश की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि लाभार्थियों को कुछ पर्चियां दी गई थीं, जिन्हें पार्थसारथी मंदिर के पास एक सुपरमार्केट में दिखाकर किट लेनी थी। माना जा रहा है कि ऐसी 100 से अधिक पर्चियां बांटी गई थीं और प्रशासन के हस्तक्षेप से पहले कई लोग किट ले भी चुके थे।
इस घटना की जानकारी मिलते ही वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। चुनाव उड़न दस्ता और पुलिस के दखल के बाद संबंधित सुपरमार्केट को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने बाकी बची किटों को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विपक्षी नेताओं का आरोप है कि ये पर्चियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय पदाधिकारी के नेतृत्व में बांटी जा रही थीं। उन्होंने याद दिलाया कि 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी इसी इलाके में ऐसी ही शिकायतें सामने आई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित