अलाप्पुझा , अप्रैल 06 -- कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष रमेश चेन्निथला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीपर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि उनके केरल के चुनावी दौरे परोक्ष रूप से मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और सत्ताधारी माकपा को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से हो रहे हैं।

श्री चेन्निथला ने कहा कि इस बात पर संदेह करने के पुख्ता कारण हैं कि केरल में श्री मोदी की उपस्थिति वामपंथी सरकार का विरोध करने के लिए नहीं, बल्कि उसकी सहायता करने के लिए है।

उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री बार-बार कांग्रेस की आलोचना करते हैं, वहीं माकपा पर उनके हमले तुलनात्मक रूप से काफी नर्म होते हैं। श्री मोदी ने चुनावी भाषणों में कभी भी सीधे तौर पर श्री पिनाराई विजयन का नाम नहीं लिया और उन्हें निशाना नहीं बनाया। मुख्यमंत्री भी श्री मोदी की व्यक्तिगत आलोचना से बचते हैं, यह भाजपा और माकपा के बीच 'पारस्परिक सहयोग' का संकेत है।

श्री चेन्निथला ने सबरीमाला मुद्दे का उल्लेख करते हुए श्री मोदी पर आरोप लगाया कि वह इस विवाद में कांग्रेस को घसीटकर वामपंथी सरकार की जवाबदेही से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री मोदी और श्री विजयन दोनों ने संवेदनशील मामलों में आवश्यकतानुसार केंद्रीय जांच एजेंसियों का उपयोग करके एक-दूसरे की रक्षा करने के लिए 'सौदा' किया है।

उन्होंने कहा, " वह अब दावा कर रहे हैं कि भाजपा के सत्ता में आने पर सबरीमाला स्वर्ण चोरी मामले के आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। केरल में हालांकि भाजपा का खाता भी नहीं खुलने दिया जाएगा।"उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाता भाजपा-माकपा के इस कथित गठबंधन को नकार देंगे और यूडीएफ उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।

श्री चेन्निथला ने एक संबंधित बयान में भी कहा कि वर्तमान अभियान में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा को मिली जबरदस्त जन-स्वीकार्यता ने 'भाजपा और वामपंथियों दोनों को विचलित कर दिया है।' उन्होंने आरोप लगाया कि इसी घबराहट के कारण पूरे राज्य में यूडीएफ नेताओं और उम्मीदवारों पर हमले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कई घटनाओं का हवाला दिया, जिनमें पलक्कड़ में कांग्रेस उम्मीदवार रमेश पिशारोडी को कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं का रोकना और थ्रिक्करीपुर में माकपा कार्यकर्ताओं का संदीप वारियर का विरोध करना शामिल है।

श्री चेन्निथला ने वंडूर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले और उनके सुरक्षाकर्मी पर हुये हमले की ओरभी इशारा किया। उन्होंने अरनमुला में एसएफआई कार्यकर्ताओं के कांग्रेस उम्मीदवार अबिन वर्की की चुनावी गतिविधियों को कथित रूप से रोकने की पिछली खबरों का भी इस मौके पर जिक्र किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित