तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 09 -- केरल विधानसभा चुनाव में गुरूवार शाम पांच बजे तक 75 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्य की सभी 140 सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग ने चुनाव में राज्य के लिए 85 प्रतिशत मतदान का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।

चुनाव आयोग के अनुसार पांच बजे तक 75.01 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान केन्द्रों पर मतदाता अभी भी कतारों में लगे हुए है। राज्य में शांतिपूर्वक मतदान जारी है और कहीं से अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आयी है।

राज्य के कोझिकोड जिले में सबसे अधिक 77.63 प्रतिशत और पथनमथिट्टा में सबसे कम 68.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा अलाप्पुझा में 74.47 प्रतिशत, एर्नाकुलम में 77.25, इड्डुकी में 74.55, कन्नूर में 74.83, कासरगोडा में 74.55, कोल्लम 73.78, कोट्टयम में 72.18, मलप्पुरम में 75.70, पालक्काड़ में 77.09, तिरुवनंतपुरम में 74.11, त्रिसूर में 74.34 और वायनाड में 74.72 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये हैं।

सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचे और कहीं-कहीं मतदाताओं की लम्बी कतारें देखने को मिली है। शुरुआती प्रतिशत में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वालों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

राज्य की 126 सीटों के लिए कुल 890 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 30,471 मतदान केंद्र बनाये गये। कुल मतदाताओं की संख्या 2.71 करोड़ से अधिक हैं, जिनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 उभयलिंगी हैं।

मतदान के दौरान आज एक दुखद घटना सामने आयी जब त्रिशूर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के कुछ ही समय बाद 62 वर्षीय एक मतदाता की तबियत खराब हो गयी और उसकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित