जयपुर , मई 05 -- राजस्थान के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में केरलम में दस वर्ष बाद कांग्रेस गठबंधन की सरकार भारी बहुमत से बनी है जिसे लेकर सभी कांग्रेसजनों में खुशी की लहर है।

श्री डोटासरा मंगलवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे समय जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केन्द्रीय सत्ता का दुरूपयोग कर रही है, धनबल और बाहुबल से पार्टियां तोड़ी जा रही है, ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग विपक्ष के नेताओं को डराने के लिये किया जा रहा है तथा चुनाव आयोग अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाने की बजाये भाजपा के ईशारे पर कार्य कर रहा हो तब कांग्रेस के मजबूत कार्यकर्ताओं ने इन पांच राज्यों में पूरी मेहनत से कार्य किया और केरलम् में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटी है।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग किया तथा एसआईआर के माध्यम से चुनाव जीतने के लिये साजिश की। बंगाल में चलते चुनाव के दौरान 438 अधिकारियों को हटा दिया गया, क्या वे सारे टीएमसी के ईशारे पर काम कर रहे थे, क्या भाजपा शासित राज्यों में भी इस प्रकार अधिकारी हटाये जायेंगे। क्या कभी भाजपा शासित राज्यों में विधानसभा के चुनाव में बंगाल की तरह समस्त अधिकारियों को हटाया गया है, जैसे मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक को बंगाल में हटाया गया, यह जवाब देश को मिलना चाहिये। काउटिंग से दो दिन पहले डीजीपी के घर ईडी की रेड डाल गई और टीएमसी के चुनाव का प्रबंधन देखने वाली आईपैक कम्पनी के कार्यालयों पर ईडी ने छापेमारी की, कर्मचारियों को जेल में डाल दिया और डेटा उठाकर ले गये, ऐसा पहली बार देखने को मिला है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में वोट चोरी की और अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता को लूटने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी बंगाल में अपना चुनाव लड़ रही थी, किन्तु वहां जो कुछ हुआ, वह देश के लिये खतरनाक है, यह देश को समझना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित