तिरुवल्ला , अप्रैल 04 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त् लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में ऐतिहासिक बदलाव का समय आ गया है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पहली बार सरकार बनाने जा रहा है।

तिरुवल्ला में आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ एलडीएफ के "दिन गिने-चुने" हैं और 09 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राजग सरकार बनाएगी। उन्होंने जोर दिया कि केरल में "बदलाव की हवा" साफ दिखाई दे रही है और 04 मई को आने वाले नतीजों में जनता का फैसला सामने आ जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से "दशकों के कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार और खोखले वादों" को नकारने की अपील करते हुए कहा कि राज्य की प्रगति "दो बड़ी दीवारों-भ्रष्टाचार और साम्यवाद" के कारण बाधित हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं का बड़े पैमाने पर पलायन केरल की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है, क्योंकि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं हैं। उन्होंने औद्योगिक विस्तार, मजबूत सेवा क्षेत्र और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से बातचीत में उन्हें राजग के पक्ष में माहौल बदलता हुआ नजर आया है और उनकी रैलियों में बढ़ती भीड़ परिवर्तन की इच्छा को दर्शाती है।

अपने संबोधन की शुरुआत मलयालम में करते हुए उन्होंने भगवान अयप्पा और श्रीवल्लभ का स्मरण किया और इस क्षेत्र को पवित्र बताया। उन्होंने कहा कि केरल के विकास की नयी यात्रा तिरुवल्ला से शुरू होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि केरल विकास के मामले में अन्य राज्यों से पीछे है। उन्होंने ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं में कमियों का जिक्र करते हुए कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने केरल को लगातार सहयोग दिया है, भले ही राज्य में भाजपा की सरकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राजग सरकार ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार की तुलना में पांच गुना अधिक वित्तीय सहायता दी है।

बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उन्होंने सबरीमाला रेल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना में राज्य सरकार के कारण देरी हुई है। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार" बनने पर ऐसी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार, रेलवे उन्नयन और लाइन दोहरीकरण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।

कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत केरल के किसानों को लगभग 13,000 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने पीएम आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। जनसंख्या नियंत्रण और संसदीय प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर उन्होंने आश्वासन दिया कि केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों को, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा प्रदर्शन किया है, सीटों के बंटवारे में नुकसान नहीं होगा और इसके लिए कानूनी सुरक्षा दी जाएगी।

उन्होंने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर भी व्यापक राजनीतिक सहमति की अपील की और कहा कि इस पर संसद में 16, 17 और 18 अप्रैल को फिर चर्चा होगी, ताकि 2029 से इसे लागू किया जा सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल में पर्यटन और समुद्री अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन उनका पूरा उपयोग नहीं हो पाया है।

एलडीएफ और यूडीएफ पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों "एक ही सिक्के के दो पहलू" हैं और भाजपा को अपना मुख्य लक्ष्य इसलिए बनाते हैं क्योंकि उन्हें डर है कि राजग सरकार बनने पर वर्षों के "मैच-फिक्सिंग" और भ्रष्टाचार का खुलासा हो जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि एलडीएफ सरकार में भ्रष्टाचार शीर्ष स्तर तक पहुंच चुका है और दोनों मोर्चे एक-दूसरे को बचाने के लिए जांच सीबीआई को नहीं सौंपते।

प्रधानमंत्री ने "भ्रमित करने वाले प्रचार" की भी आलोचना करते हुए कहा कि वामपंथी कांग्रेस को भाजपा की 'बी-टीम' बताते हैं, जबकि कांग्रेस वामपंथियों को ऐसा कहती है। उन्होंने कहा, "अगर कोई 'ए-टीम' है जो केरल के विकास और भविष्य के लिए काम करती है, तो वह भाजपा है।"वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह खाड़ी देशों के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि वहां काम कर रहे भारतीयों, खासकर केरल के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रवासी केरलवासियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में काम करने वाले लाखों युवाओं की भेजी गई धनराशि ने राज्य को बैंकिंग हब बनाने में मदद की है।

स्थानीय चुनावी मुकाबले पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने राजग उम्मीदवार अनूप एंटोनी का समर्थन किया और उन्हें अपना करीबी सहयोगी बताया।

प्रधानमंत्री का यह दौरा केरल में भाजपा के चुनाव अभियान के अहम चरण के रूप में देखा जा रहा है। वह दोपहर में नेदुंबस्सेरी एयरपोर्ट पहुंचे और हेलीकॉप्टर से एनएसएस कॉलेज ग्राउंड होते हुए तिरुवल्ला पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।

कार्यक्रम में पारंपरिक पदयानी वादन के साथ उनका स्वागत किया गया और भाजपा नेताओं ने उन्हें ईसा मसीह की स्मृति-चिन्ह भेंट की, जो क्षेत्र की सामाजिक विविधता को दर्शाता है। इस दौरान श्री कुम्मानम राजशेखरन सहित कई नेता मौजूद थे।

प्रधानमंत्री के इस भाषण में एलडीएफ के खिलाफ माहौल बनाने, राजग को विकल्प के रूप में पेश करने और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति साफ नजर आयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित