तिरुवनंतपुरम , दिसंबर 21 -- केरल राज्य अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए अल्पसंख्यक छात्रों हेतु विभिन्न छात्रवृत्ति और 'शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं' के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं।
ये योजनाएं मुस्लिम, ईसाई (सभी संप्रदाय), सिख, बौद्ध, जैन और पारसी समुदायों के उन छात्रों के लिए हैं जो केरल के स्थायी निवासी हैं और राज्य में पढ़ाई कर रहे हैं। इसके लिए 9 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
चयन में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवारों के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। बीपीएल छात्रों की अनुपस्थिति में आठ लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) आवेदकों पर विचार किया जाएगा।
चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए), कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटिंग (सीएमए) और कंपनी सेक्रेटरीशिप (सीएस) जैसे 'प्रोफेशनल कोर्स' करने वाले अल्पसंख्यक छात्र 15,000 रुपये की एकमुश्त छात्रवृत्ति के पात्र हैं। इनका चयन योग्यता और पारिवारिक आय के आधार पर किया जाएगा।
सी.एच. मोहम्मद कोया छात्रवृत्ति के लिए भी नये और नवीनीकरण आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह छात्रवृत्ति सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्व-वित्तपोषित संस्थानों में स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रम करने वाली अल्पसंख्यक छात्राओं के लिए है। इसमें मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के 'मेरिट-सीट' वाले छात्र भी शामिल हैं। वार्षिक छात्रवृत्ति 5,000 से 7,000 रुपये के बीच है, साथ ही पात्र निवासियों के लिए 13,000 रुपये का 'हॉस्टल स्टाइपेंड' भी दिया जाता है।
विभाग ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में शीर्ष ग्रेड हासिल करने वाले मेधावी अल्पसंख्यक छात्रों के लिए 'प्रोफेसर जोसेफ मुंडसेरी स्कॉलरशिप अवार्ड' हेतु भी आवेदन मांगे हैं। पात्र छात्रों को 10,000 से 15,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी।
मान्यता प्राप्त संस्थानों में सिविल सेवा कोचिंग ले रहे अल्पसंख्यक छात्र 'सिविल सेवा शुल्क प्रतिपूर्ति योजना' के तहत पाठ्यक्रम और छात्रावास शुल्क की प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा, पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा करने वाली अल्पसंख्यक छात्राओं के लिए 'ए.पी.जे. अब्दुल कलाम छात्रवृत्ति', नर्सिंग और पैरामेडिकल डिप्लोमा छात्रों के लिए 'मदर टेरेसा छात्रवृत्ति' और निजी आईटीआई में पढ़ रहे अल्पसंख्यक छात्रों के लिए शुल्क प्रतिपूर्ति योजना हेतु भी आवेदन खुले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित