कोच्चि , अप्रैल 05 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को केरल की जनता से राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने की अपील की। इस अवसर पर श्री शाह ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ-यूडीएफ) पर निशाना साधते हुये हमला बोला।
श्री शाह ने कुन्नथुनाड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने एलडीएफ और यूडीएफ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि केरल में एनडीए सरकार बनाई जाए।
श्री शाह ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और वामपंथी विचारधारा वैश्विक स्तर पर कमजोर हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ वर्षों से सत्ता में बारी-बारी से आते रहे हैं, लेकिन दोनों ही गठबंधन भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और केरल को भी इस विकास यात्रा में शामिल होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि केरल के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने का चुनाव है।
श्री शाह ने दावा किया कि केरल में राजग का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को 14 प्रतिशत वोट मिले थे, जो 2019 में बढ़कर 16 प्रतिशत और 2024 में 20 प्रतिशत तक पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह बढ़ता समर्थन संकेत देता है कि राज्य में अब राजग सरकार बनाने का समय आ गया है।
श्री शाह ने कहा कि एलडीएफ (वाम मोर्चा) वैश्विक स्तर पर कमजोर हो चुका है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ राष्ट्रीय स्तर पर खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों गठबंधनों ने राज्य के विकास को पीछे धकेला है।
शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को तय करने का चुनाव है। उन्होंने लोगों से एनडीए को समर्थन देकर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित