कन्नूर , फरवरी 25 -- केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज को बुधवार को कन्नूर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस के छात्र संगठन केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान जख्मी होने के कारण जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया।

घटना अपराह्न करीब तीन बजे हुई, जब सुश्री जॉर्ज जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद तिरुवनंतपुरम जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के लिए कन्नूर रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंचीं। इसी दौरान केएसयू कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन में काले झंडे लहराए। इस हाथापाई में सुश्री जॉर्ज को चोटें आईं। वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस ने केएसयू कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती हटाया और उनमें से कुछ को टाउन पुलिस थाने ले जाया गया।

पुलिस सुश्री जॉर्ज को पास के जिला अस्पताल ले गयी और कैजुअल्टी में इलाज कराया। बाद में उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया। घटना के दौरान विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे।

सुश्री जॉर्ज ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही हाथापाई शुरू हो गयी, जिससे कुछ धक्का-मुक्की हुई और गर्दन और हाथ में दर्द हुआ।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव के के राघवेश, पी जयराजन भी जिला अस्पताल गये।

घटना के बाद कन्नूर जिले में तनाव की स्थिति बनी हुई है। माकपा नेता के के राघवेश ने कहा कि केरल में किसी महिला मंत्री पर हमले की यह पहली घटना है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित हमला बताते हुए दावा किया कि यह केएसयू तथा यूथ कांग्रेस की 'गुंडागर्दी' है। हमले के खिलाफ माकपा, और एसएफआई ने कड़े विरोध प्रदर्शन किये। माकपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल से शहर तक एक विरोध मार्च भी निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित