तिरुवनंतपुरम , दिसंबर 21 -- केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बहुप्रतीक्षित फूल और रोशनी का महोत्सव 'वसंतोत्सवम' 24 दिसंबर से 4 जनवरी 2026 तक फिर से आयोजित किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग द्वारा जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (डीटीपीसी) के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव कनककुन्नु पैलेस ग्राउंड में आयोजित होगा। इसका 'क्यूरेशन' पलोडे स्थित जवाहरलाल नेहरू ट्रॉपिकल बॉटनिकल गार्डन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (जेएनटीबीजीआरआई) द्वारा किया जा रहा है।
इस आयोजन में लगभग 70 श्रेणियों में प्रतियोगिताएँ होंगी, जिनमें पुष्प सजावट, फूलों से बनी हुई विभिन्न कृतियां और ऑर्किड, एंथूरियम, कैक्टस एवं एडेनियम जैसी सजावटी फूलों की पौधों की प्रदर्शनियाँ शामिल हैं। सरकारी और निजी संस्थान, नर्सरी तथा व्यक्तिगत प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ पूरी प्रदर्शनी के लिए भी 'चैंपियनशिप' पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्य आकर्षणों में गुलदाउदी महोत्सव और फूल सजावट 'एक्सपो' शामिल होगा, जिसमें वयस्कों और छात्रों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। आगंतुक भाग लेने वाली नर्सरियों द्वारा लगाए गए स्टॉल से फूल और पौधे खरीद भी सकेंगे।
उत्सव के माहौल को और खास बनाने के लिए क्रिसमस-नववर्ष के मौसम में प्रकाश उत्सव के तहत शहर की प्रमुख सड़कों और विरासत इमारतों को रोशनी से सजाया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इस प्रकाश उत्सव के लिए 1.18 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित