मडिकेरी , अप्रैल 05 -- केरल के ताडियांडामोल की ट्रेकिंग के दौरान लापता हुई एक महिला को चार दिन चले तलाशी अभियान के बाद खोज निकाला गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कोझिकोड जिले के नाडापुरम की रहने वाली शरण्या (36) शाम करीब 5.30 बजे ताडियांडामोल रेंज के जंगल वाले इलाके में मिली। बताया जा रहा है कि वह सिर्फ पानी पीकर ही जीवित रही और अब खतरे से बाहर है।
शरण्या दो अप्रैल को कोडगु की सबसे ऊंची चोटी ताडियांडामोल की ट्रेकिंग करते समय लापता हो गयी थी। उसे स्थानीय 'आदिया' आदिवासी समुदाय के सदस्यों की मदद से खोजा गया। इन सदस्यों ने एक पवित्र वन क्षेत्र में उसे ढूंढ निकालने में अहम भूमिका निभाई।
स्थानीय आदिवासी सदस्य राजू, अयप्पा, सुब्रमणि और मणि उस टीम का हिस्सा थे, जिसने बचाव कार्य में मदद की। बताया जाता है कि शरण्या ने चट्टानों के बीच शरण ली थी और फंसे रहने के दौरान उपलब्ध पानी पीकर ही अपना गुजारा किया।
विराजपेट के विधायक ए.एस. पोनन्ना, जो मौके पर मौजूद रहकर तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे थे, उन्होंने शरण्या के बचाए जाने के बाद उससे मुलाकात की। उन्होंने बताया कि शरण्या एक अनुभवी ट्रेकर हैं, लेकिन चोटी पर पहुंचने के बाद नीचे उतरते समय वह रास्ता भटक गयी थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित