नयी दिल्ली , जनवरी 23 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां पार्टी की केरल इकाई के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव तथा अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी तथा कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गयी। उन्होंने लिखा "केरल के 3.6 करोड़ लोग बदलाव के लिए तरस रहे हैं। यूडीएफ में हमारे सहयोगियों के साथ कांग्रेस पार्टी राज्य में प्रगतिशील, विकासोन्मुख, कल्याण आधारित शासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।"बैठक में श्री खरगे तथा श्री गांधी के अलावा पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, केरल कांग्रेस प्रभारी दीपा दासमुंशी, केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन,कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमेश चेन्निथला तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य शशि थरूर मौजूद नहीं थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व ने केरल के नेताओं को चुनावी तैयारी तेज करने को कहा है। बैठक में यूडीएफ के अन्य घटक दलों के साथ सीटें के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित