चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- देशभर में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अभियान की शुरुआत पंजाब के राज्यपाल एवं प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में की। अब यह टीका पात्र बालिकाओं को निःशुल्क लगाया जाएगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन और यूनाइटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

अभियान के पहले दिन 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की 13 बालिकाओं को गार्डासिल-4 वैक्सीन की एकल खुराक दी गयी। सभी लाभार्थियों का पंजीकरण यू-विन पोर्टल पर किया गया और मौके पर ही प्रमाण-पत्र वितरित किये गये।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह अभियान तीन महीने तक चलेगा और चंडीगढ़ के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। अभिभावकों से अपील की गयी है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित