पटना , फरवरी 01 -- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने रविवार को कहा कि केन्द्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक समावेशन और आर्थिक सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

श्री सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 देश को अंत्योदय से अभ्युदय तक और अर्थव्यवस्था से सामर्थ्य की ओर ले जाने वाला दूरदर्शी एवं विकासोन्मुखी बजट है। उन्होंने कहा यह बजट विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक समावेशन और आर्थिक सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। बजट में युवा शक्ति के लिए शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार सृजन, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों की आय वृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण तथा बुनियादी ढाँचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।

श्री सुमन ने कहा कि छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और स्टार्टअप को प्रोत्साहन जैसे प्रावधान भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में कृषि, सिंचाई, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और अधोसंरचना से जुड़े प्रावधानों से बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्यों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे न केवल उत्पादन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि आत्मनिर्भर गांव और सशक्त किसान का लक्ष्य भी साकार होगा।

मंत्री ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, युवा और महिलाओं की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और सबका साथ,सबका विकास, सबका विश्वास की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने केंद्रीय बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित