जोधपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने केन्द्रीय बजट को जनकल्याणकारी, ऐतिहासिक और समावेशी बजट बताते हुए कहा है कि इससे देश की अर्थव्यवस्था बढ़ेगी और देश प्रगति की ओर अग्रसर होगा।

डॉ पूनियां सोमवार को यहां केंद्र की मोदी सरकार के बजट को लेकर राज्य के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को समर्पित है। इस बजट में कौशल विकास, पर्यटन, रोजगार और नवाचार का नया युग, स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार, सेवा क्षेत्र में सुधार किसान सम्मान सुरक्षा जैसी कहीं महत्वपूर्ण बातें रखी गई। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी, एसएमई ग्रोथ फंड और हर जिले में महिला छात्रावास की सुरक्षा आवास के सुविधाओं से बालिकाओं और महिलाओं की शिक्षा और रोजगार में भागीदारी बढ़ेगी। इससे सामाजिक सशक्तिकरण की नई गति प्रदान होगी।

उन्होंने कहा आमजन एवं मध्यम वर्ग के लिए इलाज सस्ता होगा। कैंसर की दवाइयां पर सीमा शुल्क में कटौती से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विदेश में पढ़ाई और यात्रा सस्ती हुई है। इनकम टैक्स प्रक्रिया आसान और डिजिटल सेवाओं में सरलता जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को इस बजट के द्वारा छुआ गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी और दूरदर्शी बजट है। मोदी सरकार का मंत्र है रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म जो इस बजट में स्पष्ट झलक रहा है।

डॉ. पूनिया ने मोदी सरकार के केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत, निर्णायक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह नौवां आम बजट देश के हर वर्ग गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, युवा, महिला और उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि बजट में 53.47 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो सरकार की मजबूत आर्थिक नीति, दूरदर्शी सोच और भविष्य की योजनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बजट को लेकर आमतौर पर अलग-अलग धारणाएं बनती हैं और लोग इसे अपने-अपने नजरिए से आंकते हैं, लेकिन किसी भी सरकार की आर्थिक मजबूती का वास्तविक आकलन जीडीपी, समग्र विकास और जनता के जीवन स्तर में सुधार से किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में किए गए संरचनात्मक सुधारों, नीतिगत फैसलों और आर्थिक अनुशासन की वजह से आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह उपलब्धि केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि भारत के बढ़ते आत्मविश्वास, वैश्विक स्वीकार्यता और आर्थिक सशक्तिकरण की प्रतीक है।

डॉ. पूनियां ने बजट को पूर्णतः समावेशी बताते हुए कहा कि मोदी सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। इससे गरीब, मध्यम वर्ग और वंचित तबकों को सीधा लाभ मिलेगा और सामाजिक सुरक्षा का दायरा और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल खर्च और आय का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह एक इन्फॉर्मेटिव और रिफॉर्म-ओरिएंटेड बजट है, जो देश को सुधारों की नई दिशा में ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बजट में तीन बुनियादी स्तंभों पर विशेष बल दिया गया है, गति, सतत् आर्थिक विकास और लोगों की क्षमताओं का विस्तार।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के बजट में युवा और नौजवानों, स्किल डेवलपमेंट, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और आम आदमी की आवश्यकताओं का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ-साथ आर्थिक अनुशासन बनाए रखना मोदी सरकार की प्राथमिकता रही है, जो देश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकाल में मजबूत और स्थिर बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि आने वाले वर्षों की चुनौतियों के लिए भी भारत को तैयार करता है। यह बजट जनहित को समर्पित है और विकसित राष्ट्र भारत के निर्माण की नींव को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

श्री पटेल ने कहा कि केन्द्र सरकार गरीब, युवा, किसान और महिला इन चारों स्तंभों को ध्यान में रखते हुए बजट लाई है। विकास की धारा समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचे और हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने इसको लेकर बजट लाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को गति देने रोजगार सृजन करने और भविष्य की तकनीक में भारत को अग्रणी बनाने के लिए बजट महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन, महिला छात्रावास, बायो फार्मा सेक्टर, एसएमई ग्रोथ फंड, विदेश यात्रा राहत जैसी कही महत्वपूर्ण योजनाओं का जिक्र करते हुये बजट में सभी वर्गों के कल्याण की योजनाओं को शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित