हरिद्वार , मई 11 -- उत्तराखंड पुलिस ने केदारनाथ धाम यात्रा से लौटते समय लापता हुई महिला को बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया।

महिला पति से कहासुनी होने के बाद अलग होकर चली गई थी, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने सोमवार को महिला उसके परिजनों के सुपुर्द कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छह मई को मनीष अग्रहरि ने कोतवाली लक्सर में सूचना दी थी कि उनकी पत्नी प्रज्ञा (28 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में थाना पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गयी। टीम ने मैनुअल और तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से लगातार खोजबीन करते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित