देहरादून, मार्च 10 -- उत्तराखंड में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की बजट बैठक मंगलवार को बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में देहरादून स्थित केनाल रोड कार्यालय भवन के समीप संपन्न हुई।

बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए लिए 121 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया ।

इसके साथ ही श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बजट बैठक में श्री बदरीनाथ धाम के लिए 57 करोड़ रूपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 63 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान किया गया है ।

बैठक का संचालन करते हुए मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछले बोर्ड बेठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की,और बीकेटीसी का वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया।

इस दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि चारधाम यात्रा का अप्रैल माह में शुभारंभ हो रहा है आगामी यात्रा काल को ध्यान में रखकर बीकेटीसी ने बजट प्रावधान किये है।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे है जबकि श्री गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को खुलेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में श्री केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब श्री बदरीनाथ पुनर्निर्माण कार्य चल रहे है। प्रदेश सरकार के स्तर पर धामों में यात्रा तैयारियां त्वरित गति से चल रही है।

उन्होंने कहा कि बीकेटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था करना है।

इसके लिए बजट में आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।

समिति पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पारित प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन से आगामी यात्रा वर्ष 2026-27 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी,इसको लेकर धामों की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित