हैदराबाद , दिसंबर 19 -- बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (केटीआर) शुक्रवार को सिरसिला जिले के नव निर्वाचित बीआरएस सरपंचों से मिले और और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी पर तीखा हमला करते हुए उन्हें अपनी पार्टी की ताकत साबित करने के लिए उपचुनावों का सामना करने की चुनौती दी।
सभा को संबोधित करते हुए केटीआर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री का यह दावा सच है कि 66 प्रतिशत लोग कांग्रेस के साथ हैं तो उनमें इतनी हिम्मत होनी चाहिए कि वे बीआरएस छोड़कर कांग्रेस में गए विधायकों से इस्तीफा देने और चुनाव लड़ने के लिए कहें। उन्होंने कहा, "लोगों को तय करने दीजिए कि वे किसके साथ हैं और हर पार्टी की वास्तविक ताकत क्या है।"केटीआर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बार-बार अपने बयान बदलते हैं और याद दिलाया कि मुख्यमंंत्री रेवंत रेड्डी ने खुद पहले कहा था कि लोग पंचायत चुनावों में मुख्यमंत्री के चेहरे पर वोट नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को पंचायतों में जीत के अपने दावे पर भरोसा है तो उसे उपचुनावों के लिए आगे आना चाहिए।
दलबदल करने वाले विधायकों पर निशाना साधते हुए केटीआर ने कहा कि उन्हें उन पर दया आती है, क्योंकि वे सत्ता से चिपके रहना चाहते हैं। उन्होंने कादियम श्रीहरि और पोचरम श्रीनिवास रेड्डी जैसे वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाया कि अतीत में ऊंचे संवैधानिक और मंत्री पदों पर रहने के बावजूद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सामने झूठे बयान दिये। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दबाव में विधानसभा अध्यक्ष को फैसले लेने पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित