हैदराबाद , फरवरी 24 -- सांसद चमल किरण कुमार रेड्डी ने मंगलवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव तथा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार पर तीखा हमला बोला और दोनों पर जनता को गुमराह एवं राजनीतिक नाटकबाजी करने का आरोप लगाया।

श्री रेड्डी ने एक वीडियो वक्तव्य में कहा कि श्री रामाराव को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी या पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी को कानून समझाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री रामाराव को तथाकथित "रेड बुक" या "खाकी बुक" के बारे में बात करने की कोई जरूरत नहीं है, और यह स्पष्ट किया कि खाकी वर्दी और कानून का शासन हमेशा सर्वोपरि रहेगा। बीआरएस शासन का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि उनके शासनकाल के दौरान पुलिस के दुरुपयोग का पर्दाफाश स्वयं श्री रामाराव की बहन कविता ने किया था, जिन्होंने खुद कहा था कि उनके दामाद का फोन टैप किया गया था। उन्होंने श्री रामाराव को रेड बुक, पिंक बुक और सत्ता में वापसी के सपने देखने बंद करने की सलाह दी और कहा कि जनता ने बीआरएस के दस साल के शासन को देखने के बाद पार्टी को स्थायी रूप से घर भेज दिया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछली सरकार के विपरीत, कांग्रेस सत्ता के दुरुपयोग के लिए पुलिस का गलत इस्तेमाल नहीं करती है और उसे संविधान में पूर्ण विश्वास है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस सरकार के तहत, कानून अपना काम स्वयं करेगा।" उन्होंने श्री संजय पर भी जमकर प्रहार किया और आरोप लगाया कि वे सांप्रदायिक राजनीति का सहारा लेकर हैदराबाद में भाजपा की उपस्थिति दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने श्री संजय पर करीमनगर में जीतने वाले भाजपा पार्षदों को हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मी मंदिर लाने और भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया।

श्री रेड्डी ने कहा कि करीमनगर में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने के बावजूद श्री संजय वहां बहुमत हासिल करने में विफल रहे,और अब वह राजनीतिक अस्तित्व के लिए हिंदुत्व की राजनीति के माध्यम से हैदराबाद में लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा 116 नगरपालिकाओं में से केवल एक और सात निगमों में से केवल एक - करीमनगर - को जीतने में सफल रही।

यह कहते हुए कि श्री संजय की मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ बोलने की कोई हैसियत नहीं है, सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री को इसके बजाय यह बताना चाहिए कि वे तेलंगाना के विकास के लिए कितना धन ला रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री प्रमुख विकास परियोजनाओं के लिए मंजूरी और धन प्राप्त करने हेतु बार-बार दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित