लखनऊ , फरवरी 12 -- किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) और कनाडा की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ मैनिटोबा (यूओएम) के बीच शोध, प्रशिक्षण और वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

गुरुवार को यह कार्यक्रम संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित ब्राउन हॉल में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के नेतृत्व में संपन्न हुआ। एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाएं, क्लिनिकल एवं अकादमिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, छात्र-फैकल्टी एक्सचेंज तथा वैश्विक स्वास्थ्य पहलों पर मिलकर कार्य करेंगे। साथ ही, यूनिवर्सिटी ऑफ मैनिटोबा विभिन्न सहयोगी कार्यक्रमों के लिए समय-समय पर वित्तीय एवं प्रोजेक्ट आधारित सहायता भी प्रदान करेगी।

कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि यह साझेदारी केजीएमयू को अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के नए आयामों से जोड़ेगी तथा छात्रों और शिक्षकों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराएगी। यह सहयोग केजीएमयू के अंतरराष्ट्रीयकरण, उच्च गुणवत्ता शोध और वैश्विक स्वास्थ्य नेतृत्व को नई मजबूती देगा।

गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनिटोबा कनाडा की प्रमुख मेडिकल-डॉक्टोरल और शोध केंद्रित विश्वविद्यालयों में से एक है। वर्ष 1877 में स्थापित यह विश्वविद्यालय मैनिटोबा प्रांत का सबसे बड़ा शोध संस्थान है। इसका वार्षिक बजट लगभग 1.16 बिलियन डॉलर है और यह वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य एवं नवाचार अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित