नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बढते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र और दिल्ली सरकार की आलोचना की है।
श्री केजरीवाल ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को वायु की गुणवत्ता बेहत खराब हो गयी है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओमान में हैं और विपक्ष के नेता राहुल गांधी जर्मनी में हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी 70 और 100 के बीच है जो बताता है कि मौजूदा प्रदूषण मुख्य रूप से यहां स्थानीय स्तर पर पैदा हो रहा है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी के दस साल के शासन के दौरान इतना गंभीर प्रदूषण कभी नहीं देखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा उपाय अप्रभावी हैं, ग्रैप-IV प्रतिबंधों के लागू होने के बावजूद निर्माण गतिविधियां जारी हैं।
आप नेता ने दावा किया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक की रीडिंग को कम करने के लिए मॉनिटरिंग स्टेशनों के पास पानी का छिड़काव किया जाता है जिससे पता चलता है जो आंकड़े दिये जा रहे है वह वास्तविकता से दूर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित