चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल द्वारा शराब घोटाले के मामले में अदालत के सामने पेश न होने के एलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या वे अब खुद को कानून से भी ऊपर समझने लगे हैं।

श्री जाखड़ ने सोशल मीडिया पर लिखा, " अरविंद केजरीवाल जी, आपने घोषणा की है कि सीबीआई द्वाराशराब घोटाले में आपके खिलाफ दायर अपील के मामले में आप दिल्ली उच्च न्यायालय में पेश नहीं होंगे। यह आपका डर है या घमंड? क्या आप अब अदालत से भी ऊपर हो गये हैं? क्या आप इस देश के संविधान को भी नहीं मानते? याद रखिए, सीबीआई ने कानून के अनुसार ही यह अपील की है। "उन्होंने कहा, " और हां, आपने जो नियम अपने लिए बनाया है, क्या उसी नियम के अनुसार आपकी पंजाब की आप सरकार सरकारी कर्मचारियों को पूरा डीए और सभी बकाया देने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील नहीं करेगी? आप अक्सर 'सत्यमे जयते' की बात करते हैं। यदि आप सच में सच्चे हैं तो डर किस बात का? कानून अपना काम कर रहा है। बेहतर होगा कि सहानुभूति लेने की कोशिश न करें और सच्चाई का सामना करें। "श्री जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी का हमेशा से दोहरा चरित्र रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी अदालत के फैसले आ चुके हैं और उच्च न्यायालय भी कानून के अनुसार ही इस मामले में निर्णय करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय कानून के तहत सरकार और प्रभावित पक्ष अक्सर निचली अदालत के फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में जाते रहते हैं, इसलिए इस तरह का 'नाटक' करना उचित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित