कोलकाता , मार्च 24 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) आकाश दीप के रिप्लेसमेंट के तौर पर विदर्भ के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को आईपीएल 2026 में अपने साथ जोड़ेगी। कोलकाता में इंट्रा स्क्वाड अभ्यास मैच के दौरान केकेआर के सीईओ वैंकी मैसूर ने इसकी घोषणा की।

दुबे ने आईपीएल में अब तक एक भी मुक़ाबला नहीं खेला है और सीनियर लेवल पर अब तक 11 मुक़ाबले खेलने वाले दुबे ने पिछले ढाई वर्षों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेली है। पिछली बार उन्होंने 2023 में एक टी20 मुक़ाबले में विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि उन्होंने पिछले साल विदर्भ प्रो टी20 लीग में ऑरेंज टाइगर्स के लिए खेलते हुए प्रभावी प्रदर्शन किया था। 2022 में उन्हें सनराइज़र्स हैदराबाद ने खरीदा था लेकिन चोट के चलते वह बाहर हो गए। वह मुंबई इंडियंस के लिए नेट गेंदबाज भी रह चुके हैं। 28 वर्षीय दुबे ने पहली बार 2019 में एसीसी इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के दौरान ध्यान आकर्षित किया था, जहां वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ रहे थे।

केकेआर पिछले एक सप्ताह से ट्रायल का आयोजन करा रही थी और आकाश दीप के अलावा हर्षित राणा का भी संभावित विकल्प तलाश रही थी। ट्रायल में हिस्सा लेने वाले अन्य गेंदबाज़ों में नवदीप सैनी, केएम आसिप़, सिमरजीत सिंह, आकाश मधवाल और संदीप वारियर शामिल थे।

मैसूर ने कहा, "मुख्य कोच अभिषेक नायर ने संभावित विकल्प तलाशने के लिहाज़ से बहुत बढ़िया काम किया है ताकि कोच उन विकल्पों को देख सकें और हमारी ट्रेनिंग और अभ्यास मुक़ाबलों का हिस्सा बन सकें। निश्चित तौर पर विदर्भ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने सभी का अपनी ओर ध्यान आकर्षित किया। कोच काफ़ी उत्साहित थे और उन्होंने कहा, 'यह वो खिलाड़ी हैं जिन्हें हम आकाश दीप की जगह अपने दल में शामिल करना चाहेंगे।' "शुरुआती मुक़ाबले मिस करने जा रहे मतिशा पतिराना को लेकर मैसूर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि तेज गेंदबाज हिस्सा ले पाएंगे। केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने हाल ही में कहा था कि पतिराना मध्य अप्रैल तक उपलब्ध हो जाएंगे, पतिराना को टी20 विश्व कप के दौरान चोट लगी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित