सोनीपत , अप्रैल 19 -- हरियाणा में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वैन चालक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मुरथल के ताजपुर गांव निवासी संदीप राय औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार सुबह वह अपने वाहन चालक सचिन के साथ राजस्थान के नीमराना जा रहे थे, तभी खरखोदा के पास यह दुर्घटना हुई।
बताया जा रहा है कि उनके आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए जिससे पीछे आ रही इको वैन उसकी चपेट में आ गई। हादसे में चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई, जबकि संदीप को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खरखोदा थाना पुलिस के एएसआई नीरज ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित