बेंगलुरु , फरवरी 21 -- कर्नाटक में बेंगलुरु केन्द्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) के अधिकारी डीबी नतेश की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक फर्जी ऑडियो क्लिप अपलोड करने और फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केएएस के वरिष्ठ अधिकारी और मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) के पूर्व आयुक्त श्री नतेश द्वारा दर्ज शिकायत के बाद यह गिरफ्तारी की गई। 18 फरवरी को मामला दर्ज किया गया।
सीसीबी के अधिकारियों ने मैसूर के गुंडू राव नगर में कृष्णा के घर पर तलाशी ली और कथित ऑनलाइन पोस्ट से जुड़े होने का शक होने पर दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपरकरण जब्त किए।
कृष्णा के बेटे ने आरोप लगाया कि उन्हें गिरफ्तारी के बारे में नहीं बताया गया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि बेंगलुरु में सीसीबी कार्यालय में अभियान और पूछताछ के दौरान सभी कानूनी प्रोटोकॉल का पालन किया गया।
कृष्णा हाल ही में खासकर एमयूडीए भूखंड वितरण में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक रूप से सक्रिय थे। वह उन तीन शिकायतकर्ताओं में से थे जिन्होंने राज्यपाल थावरचंद गहलोत को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ शिकायत दी थी, जिसमें एमयूडीए भूमि वितरण में कथित गड़बड़ियों को लेकर मामला चलाने की मांग की गई थी।
पुलिस ने कहा कि मामले में जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित