गुलमर्ग (जम्मू और कश्मीर) , फरवरी 23 -- सेना ने सोमवार को खेलो इंडिया विंटर गेम्स के गुलमर्ग चरण के पहले दिन पांच में से तीन स्वर्ण पदक जीतकर जोरदार शुरुआत की। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीफ) और हिमाचल प्रदेश के खाते में भी स्वर्ण पदक आए।
आज कर्नाटक की भवानी थेकडा नंजुंडा और हिमाचल प्रदेश की आंचल ठाकुर जैसे अनुभवी सितारों को उन स्कीयरों ने पछाड़ दिया जो राष्ट्रीय सर्किट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मात्र 17 साल की जिया आर्यन ने, जो कर्नाटक से भारत की उभरती हुई अल्पाइन स्कीइंग प्रतिभा हैं, अपने दूसरे खेलो इंडिया विंटर गेम्स में कांस्य पदक जीता। जिया का मुकाबला आंचल और संध्या ठाकुर जैसी वरिष्ठ खिलाड़ियों से था, जिन्होंने पिछले साल फरवरी में चीन के हार्बिन में एशियाई शीतकालीन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। कोंगडोरी की ढलानों पर हुए कड़े मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की संध्या ने आंचल को मात दी।
सीआरपीएफ की काजल कुमारी के लिए यह एक भावुक दिन था, जिन्होंने गुलमर्ग गोल्फ कोर्स में महिलाओं की 15 किमी नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री) में स्वर्ण पदक जीता। मेघालय में जन्मी काजल ने एक शानदार फिनिश के साथ प्रबल दावेदार भवानी को तीसरे स्थान पर धकेल दिया। काजल ने अपना स्वर्ण पदक अपने पिता को समर्पित किया, जिनका पिछले साल फरवरी में निधन हो गया था। सीआरपीएफ की ही रेणु दानू ने रजत पदक जीता।
दिन का पहला स्वर्ण पदक सेना के सनी सिंह ने नॉर्डिक स्कीइंग के पुरुषों के स्प्रिंट में जीता। सनी खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) में नियमित रूप से सेना के लिए पदक जीतते रहे हैं। गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल (एचएडब्ल्यूएस) में प्रशिक्षण लेने वाले कठुआ के इस स्कीयर ने सोमवार को गोल्फ कोर्स पर उद्घाटन समारोह से पहले आयोजित शुरुआती स्पर्धा में सेना को '1-2-3' (पहले तीनों स्थान) दिलाने में नेतृत्व किया।
उद्घाटन समारोह में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स का यह संस्करण एक "रिले रेस" की तरह है, क्योंकि रविवार को इटली में विंटर ओलंपिक समाप्त हुए और सोमवार को गुलमर्ग में केआईडब्ल्यूजी शुरू हो गया। उन्होंने कहा, "यह खेल राष्ट्रीय अखंडता का एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं और खेलों के माध्यम से रचनात्मकता की शक्ति प्रदर्शित करते हैं।"उन्होंने कहा, "हमारे एथलीट अमेरिकी अल्पाइन स्कीयर मिकाएला शिफ्रिन जैसे ओलंपिक दिग्गजों और जम्मू-कश्मीर के ओलंपियन आरिफ खान व हिमाचल प्रदेश की आंचल ठाकुर जैसे भारतीय खिलाड़ियों से प्रेरणा ले सकते हैं। यह संस्करण शीतकालीन ओलंपिक के तुरंत बाद आयोजित हो रहा है और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों में तकनीकी कौशल प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित