बस्तर, मार्च 31 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के सातवें दिन जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स और अन्य स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। झारखंड के शिव कुमार सोरेन और पृथ्वी उरांव ने क्रमशः पुरुष और महिला 100 मीटर में स्वर्ण जीतकर सबसे तेज धावक बनने का गौरव हासिल किया। मेजबान छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ नागेश ने शॉट पुट में स्वर्ण और डिस्कस थ्रो में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता दर्ज की, जबकि तिलक बारसेट ने पुरुष 100 मीटर में रजत पदक जीता।

पुरुष 100 मीटर में शिव कुमार सोरेन ने 10.58 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। तिलक बारसेट 10.87 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे और ओडिशा के अतिश किंडो ने 10.91 सेकंड में कांस्य पदक हासिल किया। महिला 100 मीटर में 16 वर्षीय पृथ्वी उरांव ने 12.73 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। नागालैंड की रुडुओल्हौनुओ बेल्हो (12.90 सेकंड) को रजत और झारखंड की पुतुल बक्शी (13.03 सेकंड) को कांस्य मिला। पृथ्वी ने अपने प्रदर्शन को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि चयन ट्रायल में अच्छे प्रदर्शन से उन्हें आत्मविश्वास मिला।

सिद्धार्थ नागेश ने दिन की शुरुआत पुरुष डिस्कस थ्रो में 35.56 मीटर के साथ रजत जीतकर की। इस स्पर्धा में गुजरात के दानिश मकवाना ने 44.83 मीटर के साथ स्वर्ण और ओडिशा के चंद्राय मुर्मू ने 33.97 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता। बाद में शॉट पुट में सिद्धार्थ ने 13.52 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि दानिश मकवाना 13.04 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे और असम के मानस प्रतिम राभा को कांस्य मिला।

लंबी कूद में लक्षद्वीप के अब्दुल फताह ने 7.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और 7 मीटर पार करने वाले अपने क्षेत्र के पहले खिलाड़ी बने। ओडिशा के भीमा सरदार (6.96 मीटर) ने रजत और जीवन बिलुंग (6.95 मीटर) ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष 400 मीटर में गुजरात के संतोषभाई गणवित ने 49.332 सेकंड में स्वर्ण जीता, जबकि ओडिशा के नोबल कुमार किसन 49.335 सेकंड के साथ रजत और कर्नाटक के रामू 49.60 सेकंड के साथ कांस्य पदक विजेता रहे।

महिला वर्ग में गोवा की मानसी कुंकलका ने 9.72 मीटर के थ्रो के साथ शॉट पुट में स्वर्ण जीतकर अपने राज्य का खाता खोला। बिहार की अनामिका गोंड (9.50 मीटर) और मेघालय की मेलिबाडक्रो (9.43 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। अन्य महिला स्पर्धाओं में 100 मीटर दौड़ में बसंती माझी (16.20 सेकंड) ने स्वर्ण, कविता टाडिंगी ने रजत और राठवा सोमसिंह ने कांस्य जीता। 400 मीटर में कर्नाटक की रीथुश्री (58.63 सेकंड) ने स्वर्ण, केरल की आदित्य केएम (1:00.07) ने रजत और झारखंड की चिंतामणि टुटी (1:00.76) ने कांस्य जीता। 4 गुणा 100 मीटर रिले में झारखंड ने 50.31 सेकंड के साथ स्वर्ण हासिल किया।

पुरुष वर्ग में 110 मीटर बाधा दौड़ में असम के ट्रोइलुक्या मोसरोन्ग ने 15.85 सेकंड में स्वर्ण जीता। 4 गुणा100 मीटर रिले में ओडिशा ने 41.97 सेकंड के साथ स्वर्ण, झारखंड ने रजत और गुजरात ने कांस्य पदक जीता। हाई जंप में ओडिशा के सागर एक्का (1.94 मीटर) ने स्वर्ण जीता।

कुश्ती में महिला 57 किग्रा वर्ग में नागालक्ष्मी (तेलंगाना) और 68 किग्रा में प्रिंसिता सिद्धी (कर्नाटक) ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा में अजीत भुयान (ओडिशा) और 86 किग्रा में सुमित ठाकुर (हिमाचल प्रदेश) विजेता रहे। ग्रीको रोमन 77 किग्रा में अभिषेक मुंडा (झारखंड) और 130 किग्रा में शिवा भालावी (मध्य प्रदेश) ने स्वर्ण हासिल किया।

महिला फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 2-2 के बाद पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका सामना झारखंड से होगा। झारखंड ने दूसरे सेमीफाइनल में गुजरात को 9-0 से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित