चंडीगढ़ , मार्च 31 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंगलवार को कहा कि राज्य में गेहूं खरीद सीजन की शुरुआत के मद्देनजर केंद्र सरकार ने गेहूं की खरीद के लिए 30,973 करोड़ रूपये का सीसीएल जारी किया है और यह खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,585 रूपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रीतिपाल सिंह बलियावल ने इस कदम को किसानों के प्रति सम्मान बताते हुए कहा कि यह उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों से केंद्र सरकार समय पर यह सीमा जारी करती रही है, जिससे पंजाब के किसानों को लाभ मिलता है।
श्री बलियावल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार अपनी जिम्मेदारियों में विफल रही है और इस फैसले के लिए केंद्र का धन्यवाद तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि आप सरकार केंद्र की उपलब्धियों को छिपाने और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी फसल का हर दाना तय मानकों के अनुसार खरीदा जाए। उन्होंने दोहराया कि मोदी सरकार हमेशा किसान हितैषी फैसले लेती रही है और यह निर्णय उसी क्रम का हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार और भाजपा पंजाब किसानों के कल्याण के लिए आगे भी समर्पित होकर काम करते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित