मदुरै , मार्च 01 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार का सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु बनाना है और केंद्र समावेशी विकास और राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

श्री मोदी ने आज यहां लागत 4,400 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सम्पर्क को बढ़ाना, गतिशीलता में सुधार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को तेज करना है। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर भारतीय 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रेरित है। तमिलनाडु राष्ट्र की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा, "हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। केंद्र समावेशी विकास और राज्य की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"भारतीय रेलवे में हुई प्रगति की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक आधुनिक, कुशल और जनता-केंद्रित परिवहन प्रणाली के रूप में उभर रही है। इस परिवर्तन को विशेष रूप से तमिलनाडु में देखने योग्य बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के लिए रेलवे बजट आवंटन उनके नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यालय संभालने के बाद से लगभग नौ गुना बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 के दौरान, कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंध (संप्रग) सरकार के दौरान रेलवे का औसत सालाना आवंटन 880 करोड़ रुपये था, जो 2026-27 में नौ गुना बढ़कर 7,600 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में 1,300 किलोमीटर से ज़्यादा नए ट्रैक बिछाए गए हैं, 97 प्रतिशत का विद्युतीकरण हो चुका है। सैकड़ों पुलों और भमिगत मार्ग से सुरक्षा और क्षमता में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया, "पिछले साल, मुझे तमिलनाडु में नए पंबन ब्रिज का उद्घाटन करने का मौका मिला। यह भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट सी ब्रिज है, जो इंजीनियरिंग की बेहतरीन पहचान है। यह पुल अपने आप में तमिलनाडु में एक बड़ा पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।"उन्होंने कहा कि अभी, नौ वंदे भारत ट्रेनें और नौ अमृत भारत ट्रेनें तमिलनाडु के लोगों को फायदा पहुंचा रही हैं। ऐसी हाई-स्पीड ट्रेनों के कोच चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "यह गर्व की बात है कि 'मेक इन इंडिया' का हमारा विज़न आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रहा है और हमारे युवाओं के लिए नौकरियां पैदा कर रहा है। अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत, 77 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया जा रहा है। ये स्टेशन आराम, पहुंच और स्थानीय पहचान के साथ तैयार किये जा रहे हैं। आज, हम पूरे तमिलनाडु में आठ पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन कर रहे हैं और चेन्नई बीच-चेन्नई एग्मोर चौथी लाइन से चेन्नई में रोजाना हजारों उपभोक्ताओं को फ़ायदा होगा।"उन्होंने कहा, "उन्हें कुंभकोणम, येरकॉड और वेल्लोर में आकाशवाणी के नए एफएम रिले ट्रांसमीटर का उद्घाटन करते हुए भी खुशी हो रही है। ये रेडियो स्टेशन आज से आपकी सर्विस के लिए समर्पित होंगे।" उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को अवसंरचना वित्तपोषण अब पिछले दशक की तुलना में तीन गुना हो गई है। वर्ष 2026 का बजट तमिलनाडु पर खास केंद्रित रहा।

उन्होंने कहा, "इस बजट में हमने दो बुलेट ट्रेन गलियारे बैंगलुरु-चेन्नई और चेन्नई-हैदराबाद प्रस्तावित किए हैं। ये गलियारे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में क्रांति ला देंगे।" उन्होंने कहा कहा कि बजट तमिलनाडु को दुर्लभ पृथ्वी गलियारे का हिस्सा बनाता है जो उन्नत विनिर्माण, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देगा।

तमिलनाडु के समृद्ध इतिहास और धरोहर का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि ऐतिहासिक स्थल जैसे अडिचनल्लूर को वैश्विक धरोहर गंतव्यों में विकसित किया जाएगा। लेक पुलिकट और पोधिगाई मलाई के आसपास ईकोटूरिज्म पहलों से नए रोजगार अवसर पैदा होंगे, साथ ही प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण भी होगा।

श्री मोदी ने कहा कि देश भर में लगभग 200 औद्योगिक क्लस्टर की पहचान की जाएगी और उनका समर्थन किया जाएगा, ताकि विनिर्माण को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि तमिलनाडु कई उद्योगों का घर है और इसलिए यह योजना यहां के युवाओं के लिए लाभकारी होगी।"उन्होंने कहा कि उन्हें पवित्र और ऐतिहासिक शहर मदुरै में आने का सौभाग्य मिला है, उन्होंने मीनाक्षी अम्मान और भगवान सुंदरेश्वरार को नमन किया और कहा कि आज का कार्यक्रम तमिलनाडु के विकास यात्रा में एक गर्व का अध्याय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित