तरनतारन , फरवरी 01 -- शिरोमणि अकाली दल के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा ने रविवार को कहा कि रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट ने गुरु रविदास के समानता के मूल सिद्धांत और शिक्षा की पूरी तरह से अनदेखी की है।
श्री ब्रह्मपुरा ने यहां जारी एक बायन में कहा कि जहां केंद्र सरकार का आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने का फैसला मानवता और दलित समुदाय की भावनाओं को दर्शाता है, वहीं बजट ने उनकी शिक्षा की अनदेखी की।
श्री ब्रह्मपुरा ने टिप्पणी की, "गुरु साहिब ने 'बेगमपुरा' की कल्पना की थी, एक ऐसी भूमि जो दुख और गरीबी से मुक्त हो। एयरपोर्ट का नाम बदलना एक सराहनीय कदम है, लेकिन 'सच्ची श्रद्धांजलि' तब होती जब प्रधानमंत्री आज बजट में दलित छात्रों के लिए बड़ी स्कॉलरशिप, भूमिहीन मजदूरों के लिए स्थायी रोज़गार और गरीबों के लिए पक्के मकानों की घोषणा करते।" उन्होंने दुख जताया कि गुरु साहिब के दर्शन के विपरीत, मजदूरों और गरीबों के लिए सब्सिडी में कटौती की गई है।
अकाली दल की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, श्री ब्रह्मपुरा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दलित समुदाय को कभी भी सिर्फ वोट बैंक के तौर पर नहीं देखा। अकाली सरकारों के दौरान शुरू की गयी 'आटा-दाल योजना', 'शगुन योजना', और एससी समुदाय के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित