अमृतसर , दिसंबर 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रोफेसर सरचंद सिंह ख्याला ने न्यूजीलैंड में रविवार को सिख समुदाय के नगर कीर्तन को वहाँ के एक चर्चित एवं विवादित कट्टरपंथी ब्रायन तमाकी के नेतृत्व वाले "डेस्टिनी ग्रुप" द्वारा रोकने और उसमें बाधा डालने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर न्यूज़ीलैंड सरकार के समक्ष कूटनीतिक स्तर पर यह विषय उठाने की अपील की है। ,उन्होंने सामाजिक सौहार्द्र को नुकसान पहुँचाने वाले कट्टरपंथी एवं घृणास्पद तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी की। प्रो. ख्याला ने कहा कि न्यूज़ीलैंड, जिसे विश्व के सबसे अधिक शांतिप्रिय देशों में गिना जाता है, वहाँ सिख समुदाय द्वारा शहीदी दिवसों के संदर्भ में पूर्ण शांति और धार्मिक मर्यादा के अनुरूप सजाए गए नगर कीर्तन को एक चर्चित एवं विवादित कट्टरपंथी ब्रायन तमाकी के नेतृत्व वाले "डेस्टिनी ग्रुप" द्वारा रोकने और उसमें बाधा डालने की कोशिश ने सिख समुदाय को गहरी चिंता और आक्रोश में डाल दिया है।

उन्होंने कहा कि घृणापूर्ण नारेबाज़ी और उकसाने वाले बैनरों के माध्यम से एक धार्मिक आयोजन को निशाना बनाना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। यह घटना न केवल धार्मिक स्वतंत्रता पर आघात है बल्कि बहु-सांस्कृतिक सामाजिक सौहार्द और अंतरराष्ट्रीय धार्मिक सहिष्णुता के मूल सिद्धांतों पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व प्रवासी समुदायों के प्रति नफ़रत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इस संवेदनशील वातावरण में भी सिख समुदाय ने अद्वितीय संयम, सहिष्णुता और शांति का परिचय देते हुए किसी भी प्रकार के टकराव से परहेज़ किया।

प्रो. ख्याला ने कहा कि नगर कीर्तन सिख धर्म की एक पवित्र, ऐतिहासिक और विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त धार्मिक परंपरा है, जो केवल सिख समुदाय तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे समाज को प्रेम, एकता और शांति का संदेश देती है। श्री दरबार साहिब, अमृतसर से लेकर विश्व के हर उस देश तक जहाँ भी सिख निवास करता है, नगर कीर्तन सिखी की शांतिपूर्ण पहचान का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित