पटना , फरवरी 03 -- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने मंगलवार को कहा कि बिहार सरकार ने केवल हवा हवाई आंकड़ों के साथ झूठ का पुलिंदा बजट के रूप में पेश किया है।
श्री राम ने बिहार सरकार के आज पेश किए गए बजट को केंद्र सरकार की तर्ज पर झूठ का पुलिंदा और झूठा सपना बताते हुए कहा कि सरकार ने केवल हवा हवाई आंकड़ों के इस्तेमाल से बजट पेश किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बजट की रकम तो बढ़ती जा रही है लेकिन बजट का सार्थक इस्तेमाल करने में बिहार की सरकार फिसड्डी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि बजट में दिवास्वप्न बेचकर आम नागरिकों को छला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दो सौ पार सीट जीतने के बाद भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार ने बिहार की मूल जरूरतों को दरकिनार किया है और केवल आंकड़ों के खेल में उलझाकर लोगों को ठगा है।
श्री राम ने कहा कि जो सरकार राजधानी पटना में महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा तक नहीं दे पा रही है, उसने बजट में महिलाओं और किसानों की बेहतरी की खोखली बात की है। उन्होंने कहा कि सरकार मीडिया के माध्यम से खुद को चमका कर अपनी मार्केटिंग कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार और उद्योगों के विकास के नाम पर हर बार वादे और घोषणाएं की जाती हैं। हर बार बिहार की जरूरतों, शिक्षा और रोजगार को फिर से आंकड़ों के माध्यम से चमकदार बनाकर पेश किया गया है जबकि धरातल पर एक भी योजना सफल भी हो पाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित