नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- केंद्र सरकार का रोजकोषीय घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में दिसंबर 2025 तक बजट अनुमान के 55 प्रतिशत पर रहा।

वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि अप्रैल-दिसंबर 2025 की अवधि में केंद्र सरकार की कुल राजस्व प्राप्ति 25,25,156 करोड़ रुपये रही, जो बजट अनुमान का 72.2 प्रतिशत है। इस दौरान कुल व्यय 33,80,998 करोड़ रुपये रहा जो बजट अनुमान का 66.7 प्रतिशत है।

इस प्रकार, राजकोषीय घाटा 8,55,842 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। यह बजट अनुमान का 54.55 प्रतिशत है। सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में 15,68,936 करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे का अनुमान व्यक्त किया था।

कुल प्राप्तियों में 19,39,254 करोड़ रुपये का कर राजस्व, 5,39,855 करोड़ रुपये का गैर-कर राजस्व और 46,047 करोड़ रुपये की गैर-ऋण पूंजीगत प्राप्तियां शामिल हैं।

इस अवधि के दौरान केंद्र द्वारा राज्य सरकारों को करों के हिस्से के हस्तांतरण के रूप में 10,38,164 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इस अवधि की तुलना में 1,37,014 करोड़ रुपये अधिक है।

कुल व्यय में 25,93,063 करोड़ रुपये राजस्व मद पर और 7,87,935 करोड़ रुपये पूंजी मद पर खर्च किये गये हैं। कुल राजस्व व्यय में 9,11,059 करोड़ रुपये ब्याज भुगतान के मद में और 3,17,490 करोड़ रुपये प्रमुख सब्सिडियों के मद में खर्च हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित