अलवर , दिसम्बर 26 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ के लिए स्वीकृत हुए केंद्रीय विद्यालय को दूसरी जगह पर खोले जाने के विरोध में तीसरे दिन भी राजगढ़ में सम्पूर्ण बाजार पूर्णतया बंद रहे।
केंद्रीय विद्यालय को राजगढ़ में खोले जाने की मांग तेजी से जोर पकड़ती जा रही है। सुबह करीब नौ बजे से ही व्यापारी, सामाजिक संगठन के लोग पण्डित भवानी सहाय चौक पर एकत्रित होने लग गये। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग एकत्र हो गये। राजगढ़ आवाज मंच के बैनर तले कस्बे के व्यापारी, आमजन बड़ी संख्या में पंडित भवानी सहाय चौक से नारेबाजी करते हुए कस्बे के मुख्य मार्ग से महारैली के रूप में रवाना हुए।
मुकेश जैमन ने कहा कि यह आंदोलन हमारे अधिकारो की लड़ाई है। पचास वर्ष से राजगढ़ में कोई बड़ी योजना नहीं आयी, जो आयी थी। वह भी हमसे छीन ली गयी। इसका हमें एहसास तक नहीं होने दिया गया। जिला प्रशासन सोया हुआ है।
इसके बाद महारैली रवाना हुई जो गोल सर्किल, सराय बाजार होते हुए तहसील परिसर में पहुंची, जहां जमकर नारेबाजी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित