ऋषिकेश , मार्च 29 -- केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने रविवार को देहरादून एयरपोर्ट सहित देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर कई यात्री-केंद्रित सुविधाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। मुख्य कार्यक्रम राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार देश में सस्ती, सुगम और निर्बाध हवाई यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार ने आधुनिक अवसंरचना के माध्यम से यात्री अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
देहरादून (जौलीग्रांट) एयरपोर्ट पर जिन प्रमुख सुविधाओं का शुभारंभ किया गया, उनमें डिजी-यात्रा, निःशुल्क वाई-फाई, किड्स ज़ोन और फ्लाइब्रेरी शामिल हैं। डिजी-यात्रा के माध्यम से यात्रियों को बायोमेट्रिक फेस रिकग्निशन तकनीक के जरिए कॉन्टैक्टलेस और तेज यात्रा का अनुभव मिलेगा, जिससे एयरपोर्ट पर लगने वाली कतारों में कमी आएगी। निःशुल्क वाई-फाई सुविधा के तहत यात्रियों को 45 मिनट तक इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, बच्चों के लिए विशेष किड्स ज़ोन विकसित किया गया है, जिससे परिवारों को यात्रा के दौरान सुविधा मिलेगी। वहीं, स्पर्श हिमालय फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित फ्लाइब्रेरी यात्रियों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देगी।
इस कार्यक्रम के तहत देशभर में भी कई अन्य हवाई अड्डों पर सुविधाओं का विस्तार किया गया। सात हवाई अड्डों पर डिजी-यात्रा, 49 पर वाई-फाई, नौ पर किड्स ज़ोन और 15 हवाई अड्डों पर फ्लाइब्रेरी शुरू की गई।
अपने संबोधन में मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि भारत का विमानन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और सरकार का लक्ष्य इसे विश्वस्तरीय, समावेशी और डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित