भोपाल , फरवरी 03 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने बजट को "विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विजन डॉक्यूमेंट" बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक, सामाजिक और ग्रामीण विकास के लिए ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बजट का उद्देश्य तेज और सतत आर्थिक वृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, एमएसएमई सेक्टर को संस्थागत समर्थन और नागरिकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराना है। बायोफार्म, हेल्थ इंडस्ट्री, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, डिजिटल निवेश और नवाचार आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देकर मध्यप्रदेश को ज्ञान और स्वास्थ्य आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में अग्रसर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 200 लेगेसी इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स के पुनरुद्धार से पारंपरिक उद्योगों में निवेश, उत्पादन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण तथा सशक्तिकरण के लिए सर्वसमावेशी प्रावधान करता है। उन्होंने बताया कि 12.2 लाख करोड़ रुपए के पूंजीगत व्यय, 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर निर्माण, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के लिए 40,000 करोड़ रुपए, तथा राजकोषीय घाटा घटाने के प्रावधान मध्यप्रदेश के निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देंगे।

उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया। 15,000 माध्यमिक विद्यालयों में कंटेंट क्रिएटर लैब, 10,000 टूरिस्ट गाइड प्रशिक्षण और खेलों के माध्यम से रोजगार सृजन बजट की प्रमुख विशेषताएँ हैं।

डॉ. यादव और श्री खण्डेलवाल ने कहा कि यह बजट मध्यप्रदेश को दीर्घकालिक आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होगा, साथ ही प्रदेश के निवेश आकर्षण, औद्योगिक विकास और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में संरचनात्मक सुधार सुनिश्चित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित