चंडीगढ़ , फरवरी 10 -- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को केंद्रीय विद्युत राज्य मंत्री एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री तथा उत्तरी गोवा के सांसद श्रीपद येसो नाइक ने संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री संजीव राणा, मीडिया प्रभारी रवि रावत, डॉ. धीरेंद्र तायल और प्रोफेशनल सेल संयोजक राकेश भल्ला उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी बजट है। यह केवल एक वर्ष का बजट नहीं, बल्कि अगले 25 वर्षों का विज़न और आगामी पांच वर्षों का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि बजट आर्थिक विकास, युवा सशक्तिकरण और समावेशी विकास के तीन राष्ट्रीय कर्तव्यों से प्रेरित है।
उन्होंने बताया कि बजट में राजकोषीय घाटे को जीडीपी के 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य आर्थिक स्थिरता को दर्शाता है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की आय को कर-मुक्त किया गया है, साथ ही सरल आयकर रिटर्न प्रणाली लागू की गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और दुर्लभ रोगों की दवाओं पर भी विशेष राहत दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित