देहरादून , फरवरी 09 -- उत्तराखंड भारतीय जनता युवा मोर्चा (उभाजयुमो) देहरादून की ओर से सोमवार को श्री गुरू राम राय सभागार, पटेल नगर में आयोजित "युवा बजट सम्मेलन" कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य वक्ता के रूप में राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के युवाओं को सशक्त बनाने वाला और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति देने वाला बजट बताया।
उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
श्री उनियाल ने कहा कि कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए लगभग 8,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिसके माध्यम से आने वाले वर्षों में लगभग 10 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विशेष फंड और मुद्रा जैसी योजनाओं के विस्तार के माध्यम से हजारों नए उद्यम स्थापित होने की संभावना है, जिससे बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे। यह बजट युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और मजबूत करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित