चंडीगढ़ , फरवरी 07 -- ) केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने केंद्रीय बजट 2026 को देश की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा है कि यह बजट केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं बल्कि कर्तव्य स्पष्ट दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
श्री सिंह ने कहा कि यह बजट प्रत्येक नागरिक के प्रति सरकार की जिम्मेदारी को दर्शाता है और 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक संतुलित रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने गुरुग्राम में संवाददाताओं को करते हुए कहा कि बजट समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। इसमें ऐसे प्रावधान किए गए हैं जो जमीनी स्तर पर अवसर प्रोत्साहन और समर्थन प्रदान करते हैं जिससे आम नागरिक किसान युवा और उद्यमी सभी को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश प्रवक्ता जवाहर यादव, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिया त्यागी और गुरुग्राम की महापौर राजरानी मल्होत्रा भी मौजूद रहीं।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास को साथ लेकर चलने की सोच इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। विनिर्माण अवसंरचना स्वास्थ्य शिक्षा पर्यटन ग्रामीण विकास कृत्रिम बुद्धिमत्ता और खेल जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पिछले एक दशक में अवसंरचना क्षेत्र में ऐतिहासिक निवेश हुआ है। सड़क परिवहन और राजमार्गों का बजट 2013-14 में 31,302 करोड़ रुपये से बढ़कर 2026-27 में 3,09,875 करोड़ रुपये हो गया है जबकि रेलवे का बजट 26,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,81,377 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसके साथ ही आवास, शहरी विकास और ऊर्जा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित