पटना, फरवरी 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि यह बजट 'खर्च करने वाली सरकार' का नहीं, बल्कि 'भविष्य गढ़ने वाली सरकार' की सोच को दर्शाता है।

श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भारत के अगले दो-तीन दशकों की दिशा तय करने वाला नीति-दस्तावेज़ है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उसका लक्ष्य अल्पकालिक लोकलुभावन खर्च नहीं, बल्कि दीर्घकालिक, टिकाऊ और रोजगारोन्मुख विकास है।

श्री सिन्हा ने कहा कि 12.2 लाख करोड़ के रिकॉर्ड सार्वजनिक पूंजीगत व्यय के माध्यम से सरकार ने यह संकेत दिया है कि बुनियादी ढाँचा, उद्योग, लॉजिस्टिक्स और शहरों का विकास ही भविष्य की आर्थिक मजबूती की कुंजी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को बजट के केंद्र में रखकर युवाओं को "लाभार्थी" नहीं, बल्कि "राष्ट्र-निर्माण का भागीदार" बनाने की स्पष्ट सोच दिखाई देती है।

भाजपा नेता ने कहा कि युवाओं के लिए यह बजट ठोस अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में एक लाख नए एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स और 1.5 लाख केयरगिवर्स के प्रशिक्षण का लक्ष्य, एवीजीसी सेक्टर में 20 लाख संभावित नौकरियों की तैयारी, पर्यटन, खेल, डिजाइन और सेवाओं पर केंद्रित योजनाएँ,ये सभी पढ़े-लिखे और कौशलयुक्त युवाओं के लिए नए रोजगार मार्ग खोलती हैं। "एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट" पर केंद्रित उच्चस्तरीय समिति भविष्य की नौकरियों को ध्यान में रखकर नीति निर्माण का रोडमैप तैयार करेगी।

श्री सिन्हा ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और उद्यमियों के लिए बजट को निर्णायक बताते हुए कहा कि 10,000 करोड़ का एसएमई ग्रोथ फंड, टी-रेड्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब तक सात लाख करोड़ से अधिक की तरलता, और सरकारी खरीद में एमएसएमई भुगतान को और तेज़ करने के प्रावधान,ये सभी छोटे उद्यमों को "सर्वाइव" से "स्केल" करने में मदद करेंगे। अनुपालन को सरल बनाकर और सस्ती फाइनेंसिंग उपलब्ध कराकर सरकार ने ईमानदार उद्यमियों का भरोसा मजबूत किया है।

श्री सिन्हा ने बिहार के संदर्भ में कहा कि यह बजट 2026-27 राज्य को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूती से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी सहित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार की कनेक्टिविटी को ऐतिहासिक गति मिलेगी। पटना में इनलैंड वॉटरवेज़ के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए तकनीकी और औद्योगिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह "पूर्वोदय" की भावना को ज़मीन पर उतारने वाला बजट है।

श्री सिन्हा ने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि सरकार का उद्देश्य केवल संसाधनों का वितरण नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत आधारशिला तैयार करना है जिस पर आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और समावेशी भारत का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि यह बजट आज की जरूरतों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों की आकांक्षाओं को भी ध्यान में रखता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित